सागर। नागपंचमी पर्व के अवसर पर परेट हनुमान मंदिर परिसर में सागर जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में पारंपरिक दंगल का आयोजन किया गया। श्रीराम अखाड़ा कबूलापुल के जीवन राठौर परिवार द्वारा पिछले 86 वर्षों से नागपंचमी पर इस दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी पहलवानों ने अखाड़े में जोरदार दांव-पेंच दिखाए, वहीं नन्हे पहलवानों ने भी कुश्ती के अखाड़े में उतरकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
दंगल से पहले श्रीराम अखाड़ा कबूलापुल से पहलवान भगवा ध्वज के साथ लेजम अखाड़ा प्रदर्शन करते हुए परेट हनुमान मंदिर पहुंचे और मंदिर में ध्वज चढ़ाया। इसके बाद मंदिर के महंत एवं अतिथियों की मौजूदगी में अखाड़ा पूजन कर दंगल का शुभारंभ किया गया।
आयोजन समिति की ओर से जीवन राठौर ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुखलाल राठौर ने इस परंपरा की शुरुआत की थी, जिसे परिवार लगातार निभाता आ रहा है। इस वर्ष दंगल को सागर जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में व्यवस्थित स्वरूप देते हुए कुश्ती मैट पर खड़ी कुश्तियों का आयोजन किया गया। मुकाबलों का निर्णय चित-पट्ट एवं बराबरी के आधार पर किया गया।
दंगल में कुल 12 कुश्तियां हुईं। निशांत ने प्रशांत, कृष्णा ने सोम, दीपक ने रुद्र, शोजल ने मयूर, लकी ने शिवा और पुष्पेंद्र यादव ने संजू को पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में कृष्णा पहलवान ने बाबू पहलवान को हराया। सबसे बड़ा मुकाबला हेमंत पहलवान श्रीराम अखाड़ा रानीपुरा और श्रीराम अखाड़ा कबूलापुल के पहलवान के बीच चार मिनट तक चला, जो अंत में बराबरी पर समाप्त हुआ। कुल पांच कुश्तियों का निर्णय नहीं हो सका और वे बराबरी पर रहीं।
दंगल में शामिल सभी पहलवानों को आयोजन समिति की ओर से नकद इनामी राशि के साथ पारंपरिक पुरस्कार, प्रसाद और लंगोट देकर सम्मानित किया गया।
दंगल के निर्णायक गुड्डू पहलवान, डब्बू पहलवान, कौशल पहलवान, संजय यादव और विष्णु यादव रहे। कार्यक्रम में पूर्व छावनी उपाध्यक्ष शेखर चौधरी, ज्ञानी पहलवान, राजकुमार उस्ताद, अंकित दीक्षित, केशव सोनी, हेमंत सिंह, महेंद्र सिंह, राहुल पहलवान, मनोहर पहलवान, पप्पू यादव सहित आयोजन समिति के नवीन कुमार राठौर एवं नीरज कुमार राठौर उपस्थित रहे। कार्यक्रम प्रभारी कन्हैया पहलवान रहे, जबकि मंच संचालन जिला कुश्ती संघ सागर के सचिव मनीष यादव ने किया।




