सागर में हवाई अड्डे की मांग लोकसभा में गूंजी, सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने उठाया मुद्दा
सागर,
सागर लोकसभा क्षेत्र में हवाई अड्डे की स्थापना की मांग को सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने लोकसभा में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार का ध्यान सागर में हवाई संपर्क की आवश्यकता की ओर आकर्षित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए हवाई अड्डे को महत्वपूर्ण बताया।
सांसद ने कहा कि सागर बुंदेलखंड क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक, स्वास्थ्य, प्रशासनिक एवं आर्थिक केंद्र है। यहां डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सहित अनेक महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं। इसके साथ ही एरण, गढ़पहरा किला, राहतगढ़ जलप्रपात, नौरादेही अभयारण्य सहित आसपास के धार्मिक एवं पर्यटन स्थल भी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
उन्होंने लोकसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क का लगातार विस्तार हुआ है और अनेक नए शहर हवाई सेवा से जुड़कर विकास की मुख्यधारा में आए हैं। सागर को भी हवाई संपर्क उपलब्ध होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी।
सांसद डॉ. वानखेड़े ने कहा कि सागर में हवाई अड्डा अथवा क्षेत्रीय हवाई संपर्क सुविधा विकसित होने से बुंदेलखंड क्षेत्र के लाखों नागरिकों, विद्यार्थियों, उद्यमियों और पर्यटकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इस दौरान सांसद ने नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को ज्ञापन सौंपकर सागर में हवाई अड्डे अथवा क्षेत्रीय हवाई संपर्क सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।



