15 जुलाई को स्नान-पूजन, 16 जुलाई को सहस्त्र अर्चन, यज्ञ, महाआरती एवं प्रसाद वितरण का होगा आयोजन
श्री राम साहू/सागर (मकरोनिया)।
रथयात्रा (रथ दोज) के पावन पर्व पर मकरोनिया स्थित श्री स्वामी जगन्नाथ एवं माता कर्मा मंदिर में दो दिवसीय भव्य धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति ने समाजजनों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित शामिल होने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष मई माह में मकरोनिया साहू समाज द्वारा अवधूत आश्रम परिसर में भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, माता सुभद्रा एवं साहू समाज की आराध्य देवी भक्त शिरोमणि माता कर्मा की प्राण-प्रतिष्ठा की गई थी। इसके बाद से मंदिर में प्रतिदिन आरती-पूजन, प्रत्येक एकादशी पर महाआरती तथा विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।
मंदिर समिति के अनुसार 15 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ के 15 दिवसीय विश्राम के उपरांत प्रातः 7 बजे स्नान, पूजन एवं आरती का आयोजन होगा। वहीं 16 जुलाई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक सहस्त्र अर्चन, पूजन एवं यज्ञ संपन्न होगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे पीले रंग के वस्त्र धारण कर कार्यक्रम में शामिल हों।
इसी दिन रात्रि 7:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी एवं माता कर्मा की भव्य महाआरती होगी, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मंदिर समिति ने कहा कि मकरोनिया में भगवान श्री जगन्नाथ का मंदिर बनना क्षेत्रवासियों के लिए सौभाग्य की बात है। रथ दोज के अवसर पर श्रद्धालु यहीं भगवान के दर्शन एवं पूजन का पुण्य लाभ प्राप्त करें और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाएं।



