डिग्री कॉलेज के पीछे गंभीर हालत में मिली बच्ची को पुलिस ने तत्काल बीएमसी पहुंचाया, समय पर मिला उपचार
सागर
सागर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और डायल-112 सेवा की सक्रियता से लगभग डेढ़-दो माह की एक मासूम बच्ची की जान बच गई। रविवार दोपहर भोपाल स्थित राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि डिग्री कॉलेज के पीछे एक महिला अपनी करीब दो माह की बच्ची को छोड़कर जा रही है।
सूचना मिलते ही राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम ने सागर पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। इसके बाद थाना प्रभारी गोपालगंज घनश्याम शर्मा के निर्देश पर चीता मोबाइल में तैनात आरक्षक सत्यप्रकाश और महिला प्रधान आरक्षक गायत्री को मौके पर भेजा गया। साथ ही डायल-112 एफआरवी-04 के आरक्षक बिहारीलाल भी तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस टीम ने महिला और मासूम बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लेकर तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचाया। चिकित्सकों ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत उपचार शुरू किया। पुलिस की समय पर कार्रवाई और चिकित्सकीय सहायता मिलने से बच्ची की जान बचाई जा सकी।
पुलिस ने बताया कि उपचार के साथ महिला से पूछताछ कर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में राज्य स्तरीय डायल-112 कंट्रोल रूम, सागर पुलिस कंट्रोल रूम, थाना गोपालगंज पुलिस, चीता मोबाइल और डायल-112 एफआरवी के बीच बेहतर समन्वय और संवेदनशीलता देखने को मिली। वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक गायत्री, आरक्षक सत्यप्रकाश, आरक्षक बिहारीलाल तथा डायल-112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की है।



