रिपोर्टर शिंभू सिंह शेखावत पाली
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर में विभिन्न सामाजिक एवं चिकित्सकीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय स्थित बांगड़ अस्पताल में रक्तदान शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार एवं राज्य रक्त संक्रमण परिषद के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।
इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस की थीम “मानवता की एक बूंद–रक्तदान करें, जीवन बचाएं (One Drop of Humanity–Give Blood, Save Lives)” निर्धारित की गई है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिले के बांगड़ अस्पताल सहित समस्त चिकित्सा संस्थानों में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के अंतर्गत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) एवं चयनित स्वास्थ्य संस्थानों में आम नागरिकों के लिए निःशुल्क रक्त समूह परीक्षण (ब्लड ग्रुप टेस्टिंग) की विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई।
बांगड़ अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चिकित्सा प्रशासन द्वारा लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान की शपथ दिलाई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. मारवाल ने जिले के नागरिकों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं से स्वैच्छिक रक्तदान को जन आंदोलन बनाने में सहयोग करने की अपील की।
जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पाली ने सभी नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर रक्तदान के इस महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।




