छतरपुर
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर महाराजपुर थाने में सड़क का निर्माण करने वाले दबंग ठेकेदार अरविन्द चौरसिया के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत अपराध पंजीकृत कर लिया गया है। इस ठेकेदार द्वारा जिले के वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार कल्याण महासंघ के प्रांतीय कार्यवाहक अध्यक्ष रामबाबू सिंह परिहार को जान से मारने की धमकी दी गयी थी।
मिली जानकारी के अनुसार ठेकेदार अरविन्द चौरसिया द्वारा ग्राम पंचायत मटौंधाबेसन के ग्राम झिकमऊ में सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर पत्रकार रामबाबू सिंह परिहार द्वारा आपत्ति की गयी थी। पत्रकार का आरोप था कि इस सड़क का घटिया निर्माण हो रहा है जिससे बौखलाये ठेकेदार द्वारा श्री परिहार को उनके मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दी गयी थी। श्री परिहार द्वारा इस मामले की शिकायत एसपी छतरपुर अगम जैन से की गयी। एसपी ने पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुये महाराजपुर थाना पुलिस को ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे। एसपी के निर्देश पर महाराजपुर थाने में ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। उधर इस घटना को लेकर जिले के पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है और वे ठेकेदार की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।




