



वरिष्ठ विधायक जैन के प्रभार क्षेत्र वाली रैमुना एवं सदर विधानसभा में संयुक्त आमसभा का हुआ आयोजन
सागर।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर पिछले 11 दिनों से वरिष्ठ विधायक शैलेंद्र जैन ओडिशा राज्य में पार्टी का प्रचार प्रसार कर रहे हैं। संगठन ने उन्हें बालासोर लोकसभा अंतर्गत रैमुना एवं सदर विधानसभा का प्रभारी बनाया है। जिसके तहत वे भाजपा प्रत्याशियों के साथ मिलकर चुनावी मैनेजमेंट संभालते हुए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी की लगातार बैठक करके पार्टी को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। ओडिशा राज्य में यहां अंतिम चरण 1 जून को चुनाव होना है।
इसी क्रम में शनिवार को रैमुना एवं सदर विधानसभा की संयुक्त सभा का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आम सभा को संबोधित किया। इस दौरान विधायक शैलेंद्र जैन ने केंद्रीय मंत्री ईरानी को अपने प्रभार अंतर्गत आने वाली विधानसभाओं में किए गए कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि विधानसभाओं के कार्यकर्ता और पदाधिकारी लगातार मतदाताओं से संपर्क करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उन तक पहुंच कर लगातार संपर्क कर रहे हैं। इसी के साथ बूथ को मजबूत करने का कार्य भी जारी है। विधायक जैन ने उन्हें सागर आने का भी न्योता दिया।
*पहले और अब के भारत में स्पष्ट अंतर देख सकते हैं : केंद्रीय मंत्री ईरानी*
सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि पहले और अब के भारत की तुलना की जाए तो आपको स्पष्ट अंतर नजर आ जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 10 साल में ऐसे अविस्मरणीय कार्य किए गए हैं, जिन पर पुरानी सरकारें मंथन ही करती रहीं, लेकिन आज मेरा भारत आत्मनिर्भर है, सशक्त हैं। देश में वो तमाम संभावनाएं हैं, जो विकसित देश के लिए होना चाहिए। यह सब कुछ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में ही संभव हो पाया है। इसलिए एक बार फिर हम सभी को पूरी ताकत के साथ भारतीय जनता पार्टी का विजय तिलक करके नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाना है। ताकि विकास के रफ्तार की जो गति अभी तक है, वह और तेज हो सके।