



मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मालथौन में विशाल जनसभा को संबोधित किया
मालथौन। कांग्रेस ने भगवान श्री राम मंदिर का निर्माण से लेकर लोकार्पण तक का विरोध किया। प्रभु श्री राम की प्राण-प्रतिष्ठा का आमंत्रण ठुकराया। जब सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 1000 साल पहले तोड़े गए सोमनाथ मंदिर को बनवाया तब भी जवाहरलाल नेहरू ने इसका विरोध किया और तत्कालीन मंत्रिमंडल को कार्यक्रम में नहीं जाने दिया था। कांग्रेस का भगवा के प्रति नफरत के कारण ही सफाया हुआ है। कांग्रेस वालों का भाव रामद्रोही है।जनता ने तय कर लिया है जो भगवान श्री राम का नहीं वह किसी काम का नहीं। यह उद्गार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मालथौन में विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। आमसभा को पूर्वगृहमंत्री खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह और भाजपा प्रत्याशी डॉ. श्रीमती लता वानखेड़े ने भी संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम का जन्म हुआ यह जन जन को मालूम है लेकिन कांग्रेस वालों को यह पता नहीं है। वे शपथपत्र देकर भगवान श्री राम के काम में अड़ंगे लगाते रहे। इनको अयोध्या में भव्य मंदिर में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया गया। जीवन भर केस लड़ने वाले अंसारी जी तक आयोजन में आए लेकिन कांग्रेस वाले नहीं आए। कांग्रेस ने दरवाजे पर मुंह पर निमंत्रण को ठुकरा दिया। यह राम द्रोही भाव है। अब जनता खुद फैसला कर देगी कि जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भगवा से इतनी नफरत है तो अपने झंडे से भगवा रंग हटा कर दिखाए देश की जनता उनको इसका अर्थ समझा देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान महाकाल और भगवान श्री राम के बाद अब जमना तट के कृष्ण गोपाल जी के लिए संकल्प करो।
पूर्व गृहमंत्री मंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज खुरई के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है जब हमारे बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव खुरई विधानसभा के मालथौन में आकर हम सबको संबोधित करेंगे।
पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के द्वारा सशक्त शक्तिशाली, गौरवशाली, वैभवशाली भारत बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य को पूर्ण करने इस लोकसभा चुनाव में खुरई विधानसभा क्षेत्र से भारी लीड दिलाने का संकल्प करें और इसके लिए 80 प्रतिशत से ऊपर अपना मतदान करके सहयोग करें। ऐसा कोई नहीं रह जाए जिसका वोट न डल पाए। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव महाकाल की नगरी उज्जैन से आते हैं जहां उनका महाकाल के साथ भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्री राजाराम, राजा विक्रमादित्य का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की धर्म के प्रति जो आस्था है वह अद्भुत है ।
उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल लोक देखने के लिए देश विदेश सहित संपूर्ण विश्व के लोग आते हैं जिससे कि हमारे मध्य प्रदेश की पहचान आज विश्व पटल पर अंकित हो रही है। उन्होंने कहा कि डॉ यादव का जीवन संस्कार और संस्कृति से भरा हुआ है जिसके कारण ही आज पूरा प्रदेश उनकी लगातार मेहनत से विकास कर रहा है। पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक सामान्य परिवार के व्यक्ति को मध्य प्रदेश का सीएम बनाकर यह सिद्ध कर दिया कि भाजपा की सरकार सभी वर्गों की सरकार है ।
पूर्व मंत्री एवं विधायक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र से सभी मतदान कर भाजपा प्रत्याशी डॉ लता वानखेड़े को विजयश्री दिलाएं।
पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस का सफाया हो रहा है और 4 लाख लोग से अधिक कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विकास कार्यों को देखकर आ गए हैं। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं और जो मिल रहे हैं वह भारतीय जनता पार्टी में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस का सफाया हो गया है और कांग्रेस लोकसभा का चुनाव हार चुकी है। कांग्रेस ने 60 वर्ष तक देश को धोखा दिया है और इस धोखे के कारण ही आज उनका सफाया हो रहा है ।
पूर्व मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मेरा संकल्प है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा की प्रत्याशी डॉ. लता वानखेड़े को एक लाख मतों से अधिक से विजय बनाएंगे।