इसरो के द्वारा अन्तरिक्ष प्रदर्शनी का शुभारम्भ

खुरई-

खुरई के एस. पी. जैन गुरुकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 16 दिसम्बर को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अंतरिक्ष उपयोग केन्द्र अहमदाबाद के सहयोग से विक्रम साराभाई अंतरिक्ष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का शुभारम्भ विवेक कुमार जैन, नियंत्रक, अन्तरिक्ष उपयोग केंद्र, इसरो, अहमदाबाद के मुख्यातिथ्य, श्रीमंत धर्मेन्द्र सेठ की अध्यक्षता, प्रकाशचन्द सराफ, कैलाशचन्द मोदी, एड. अरुण कुमार मोदी, सतीश सराफ, परेश सरवैया, प्रभारी, विक्रम साराभाई अन्तरिक्ष प्रदर्शनी एवं कृष्णा अवतार, विक्रम साराभाई अन्तरिक्ष प्रदर्शनी के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के शुभारम्भ में अतिथियों ने मां सरस्वती प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं संगीत विभाग के द्वारा सरस्वती वंदना की गई तत्पश्चात् संस्था प्राचार्य प्रयंक जैन ने स्वागत भाषण के साथ ही सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र से सम्मान किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि परेश सरवैया ने प्रदर्शनी में सम्मिलित सभी मॉडल की जानकारी उपस्थित जनमुदाय को दी। मुख्य अतिथि विवेक कुमार जैन ने विद्यार्थियों के लिये इसरो एवं अंतरिक्ष उपयोग केन्द्र, अहमदाबाद की कार्यप्रणाली एवं विद्यार्थियों को वैज्ञानिक बनकर देशसेवा हेतु प्रेरित किया। संस्था अध्यक्ष श्रीमंत धर्मेन्द्र सेठ ने इस प्रदर्शनी हेतु गुरुकुल संस्था को चुने जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन श्रीराम चतुर्वेदी के द्वारा किया गया। उद्घाटन के पश्चात् अतिथियों के द्वारा इस प्रदर्शनी को विद्यार्थियों एवं आमजन के लिये खोल दिया गया।

प्रदर्शनी में आर्यभट्ट, रोहिणी, कार्टाेसेट, रिमोट सेंसिंग, नाविक, प्रक्षेपण वाहन जैसे एसएलवी, पीएसएलवी, जीएसएलवी, चन्द्रयान, मंगलयान, आदित्य एल-1, एस्ट्रोसेट इत्यादि के मॉडल व डिस्प्ले बोर्ड प्रदर्शित किये गए हैं। प्रदर्शनी के साथ-साथ इसरो से जुड़ी विभिन्न पुस्तकें दर्शकों को उपलब्ध कराई गई हैं। प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण इसरो से आई बस है, जिसे स्पेस ऑन व्हील का नाम दिया गया है। इस बस में विभिन्न उपग्रहों एवं अवधारणाओं पर आधारित चलित मॉडल प्रदर्शित किये गये हैं। इस अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम पर आधारित ऑडियो-वीडियों क्लिप के माध्यम से भी बहुत कुछ जानने का अवसर मिलेगा।

यह प्रदर्शनी 17 दिसंबर को प्रातः 09.30 बजे से शाम 05.30 बजे तक खुली रहेगी। गुरुकुल विद्यालय की ओर से इस प्रदर्शनी के अवलोकन हेतु नगर में संचालित सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है।

Leave a Comment