



*युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने बारात का जगह-जगह स्वागत किया*
खुरई/बांदरी
बुधवार को युवा भाजपा नेता अविराज सिंह खुरई एवं बांदरी में आयोजित भगवान शिवजी की शाही बारात में शामिल हुए। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर खुरई के ऐतिहासिक भूतेश्वर महादेव मंदिर से भगवान भोले की भव्य बारात खुरई नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकाली गई। युवा भाजपा नेता अविराज सिंह ने खुरई के सागर नाका, नगर पालिका कार्यालय के पास, गढ़ौला नाका सहित विभिन्न स्थानों पर भगवान शिवजी की भव्य शाही बारात का श्रद्धालुओं के साथ उत्साहपूवर्क स्वागत कर पूजा अर्चना की।
खुरई का यह सबसे बड़ा पर्व था। शिव पार्वती के विवाह, बारात व पौराणिक आख्यानों पर आधारित सैकड़ों सुंदर झांकियां परिश्रम और व्यय के साथ विभिन्न संगठनों ने बनाई जो शाही बारात में आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इनमें नर नारी, ऋषि मुनि, असुर, गंधर्व, अवधूत, कापालिक ,अघोरी सहित विभिन्न देवी देवताओं की उपस्थिति झांकियों के माध्यम से भोले की बारात में बारीकी से दर्शायी गई।
शाही बारात के स्वागत कार्यक्रमों में युवा नेता अविराज सिंह के साथ क्षत्रिय महासभा सागर के अध्यक्ष लखन सिंह भी उपस्थित थे। खुरई के डोहेला किला पर युवा भाजपा नेता अविराज सिंह के नेतृत्व में भगवान शिवजी की शाही बारात पर पुष्पवर्षा की गई। किला पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भक्तगणों को प्रसादी वितरण भी किया गया।
वहीं बांदरी में महाशिवरात्रि के अवसर पर बांदरी स्थित श्री हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर भगवान शिवजी की भव्य शाही बारात नगर के प्रमुख स्थानों से निकाली गई। युवा भाजपा नेता अविराज सिंह व वरिष्ठ भाजपा नेता सत्येन्द्र सिंह ने श्री हनुमान मंदिर में भगवान शिवजी का पूजन कर आशीर्वाद लिया और भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख समृद्धि की कामना की।
बारात में शामिल सभी भक्तों ने भजन-कीर्तन के साथ नृत्य भी किया। श्रृद्धालु प्रभु की भक्ति में रम गए, जिससे सम्पूर्ण वातावरण शिवमय हो उठा। इस अवसर पर खुरई एवं बांदरी के वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता युवा नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रृद्धालुगण उपस्थित थे।