



*नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सागर में की पत्रकार वार्ता,*
*भाजपा सरकार बुंदेलखंड से वोट तो चाहती है लेकिन यहां का विकास नहीं चाहती: उमंग सिंघार, नेता प्रतिपक्ष, एमपी*
सागर
मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपने बुंदेलखंड दौरे पर आज दिनांक 12 फरवरी को सागर में मीडिया से संवाद किया। उमंग सिंघार ने बुंदेलखंड और सागर के स्थानीय मुद्दों सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भाजपा सरकार को जमकर घेरा।
*बुंदेलखंड में विकास को लेकर भाजपा कर रही भेदभाव:* नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि मध्यप्रदेश की राजनीति में बुंदेलखंड का महत्वपूर्ण योगदान है। जब कांग्रेस की केंद्र में सरकार थी तब कांग्रेस ने बुंदेलखंड को विशेष पैकेज दिया था। मगर बाद में यहां भारी भ्रष्टाचार हुआ और कई योजनाएं रुकी पड़ी हैं। उन्होंने कहा कि अभी मध्यप्रदेश में इन्वेस्टर मीट होने वाली है। इसके पहले भी सागर में अगस्त 2023 में इन्वेस्टर मीट हुई थी। शिवराज जी और मोहन यादव जी को बताना चाहिए कि सागर और बुंदेलखंड में कितना निवेश आया और कौनसे उद्योग लगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा बुंदेलखंड पैकेज में भ्रष्टाचार हुआ, भाजपा सरकार यहां उद्योग नहीं लगा पाए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार बुंदेलखंड से वोट तो चाहती है लेकिन यहां का विकास नहीं चाहती।
*दलित आदिवासियों पर अत्याचार:* उमंग सिंघार ने कहा कि बुंदेलखंड में दलित, आदिवासियों के साथ भी लगातार अत्याचार हो रहा है। यहां मंत्री या पूर्व मंत्रियों की दादागिरी चल रही है और कार्यकर्ता परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे केस दर्ज किए जाते हैं। साथ ही यहां भाजपा द्वारा भेदभाव की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बताना चाहता हूं कि उनकी लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ी जाएगी और जल्द भाजपा के मंत्री भी कठघरे में खड़े नजर आएंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि एससी एसटी को जो राहत राशि दी जानी थी वो भी अभी तक बंट नहीं पाई है। इसपर जल्द कार्यवाही होनी चाहिए और अगर सरकार नहीं देना चाहती तो वो भी बताएं। उमंग सिंघार ने कहा कि एससी छात्रों को जो पोस्ट मेट्रिक छात्रवृत्ति मिलती है, उसका 60 फीसदी पैसा भी केंद्र सरकार से नहीं आया। केंद्र सरकार के मंत्री इसपर ध्यान नहीं देते।
उमंग सिंघार ने कहा कि डेरी पशुपालन में यहां 362 रजिस्ट्रेशन हुए थे जिन्हें प्लाट मिलने थे, इसमें भी प्लाट भाजपा के लोगों को दिए गए। इसकी भी जांच होना चाहिए।
*जिले में बढ़ रही गुंडागर्दी:* उमंग सिंघार ने कहा कि सागर जिले में गुंडागर्दी बढ़ रही है। बीना में सरेआम 20-25 लोगों ने एक तिवारी परिवार से मारपीट की। उन्होंने कहा वो उनसे अस्पताल में मिलकर आए हैं। पुलिस प्रसाशन ने इस मामले में सिर्फ नाम की कार्यवाही की है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि बुंदेलखंड में अपराध की नई कहानी लिखी जा रही है। इसपर तत्काल रोक लगना चाहिए।
*स्थानीय मुद्दे:* उमंग सिंघार ने कहा कि बंडा में मध्य भारत एग्रो फैक्ट्री की वजह से वहां बहुत से लोग बीमार हो रहे हैं और पीड़ित हैं। इसपर भाजपा सरकार और जिला प्रसाशन कोउ कार्यवाही क्यों नहीं कर रहा ये बड़ा सवाल है। उमंग सिंघार ने कहा कि सागर में स्मार्ट सिटी में भी भ्रष्टाचार की खबरें आई हैं। मंत्री, नेता और अधिकारियों की संलिप्तता पाई गई है। इसकी भी जांच होना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि स्थानीय मांग है कि मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय का मर्जर नहीं हो इसके लिए वो मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
*डॉ हरिसिंह गौर को भारत रत्न:* उमंग सिंघार ने कहा कि सागर के लोग और सभी बुद्धिजीवी चाहते हैं कि डॉ हरि सिंह गौर जी को भारत रत्न मिले। भाजपा नेताओं ने कई बार कहा लेकिन उन्हें भारत रत्न नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसपर गैरराजनीतिक रूप से सामूहिक प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वो इसको लेकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी लिखेंगे।
*सौरभ शर्मा मामला:* उमंग सिंघार ने कहा कि जिले के सभी मंत्रियों की उन्हें जानकारी मिली है। जल्द ही राजधानी में इसको लेकर खुलासा होगा। उन्होंने आगे कहा कि सौरभ शर्मा के किससे संबंध थे और वो किसके लिए पैसे जुटा रहा था। इसकी जांच क्यों नहीं हो रही ? उन्होंने कहा मुख्यमंत्री क्या अपने हाथ जलने के डर से इसमें हाथ नहीं डाल रहे ? वहीं प्रधानमंत्री जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं वो मध्यप्रदेश भी आ रहे हैं। क्या वो ये नीति मध्यप्रदेश के लिए भी रखेंगे ?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि 2012-13 से लोकायुक्त के जांच प्रतिवेदन लंबित हैं। सरकार चाहती ही नहीं है कि भ्रष्टाचार पर चर्चा हो। जनता का पैसा कौन नेता, कौन अधिकारी खा रहा है ये सामने आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसी कई जांच रिपोर्ट दबाकर बैठी है।